4 से 8 फरवरी 2026 तक यूरोप के क्रोएशिया में आयोजित होगी प्रतियोगिता, भारतीय सेना में कार्यरत अविनाश की उपलब्धि से बक्सर व बिहार में खुशी की लहर
बक्सर जिले के चौसा ग्राम निवासी और भारतीय सेना में कार्यरत अविनाश पहलवान का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में किया गया है। यह प्रतियोगिता 4 से 8 फरवरी 2026 तक यूरोप महाद्वीप के क्रोएशिया देश में आयोजित की जाएगी।
अविनाश पहलवान के इस चयन को जिले और राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। चयन के बाद उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह (बक्सर) सहित भारतीय कुश्ती संघ के सभी वरीय पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अविनाश पहलवान न सिर्फ एक अनुभवी कुश्ती खिलाड़ी रहे हैं, बल्कि उन्होंने पूर्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर भारत को गौरवान्वित किया है। कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने तीनों सेनाओं की कुश्ती टीम की ओर से खेलते हुए मैसेडोनिया, यूक्रेन, चीन सहित कई देशों में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे देश, विशेष रूप से बिहार राज्य, बक्सर जिला और चौसा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों से लेकर खेल प्रेमियों तक हर कोई अविनाश पहलवान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।
इस अवसर पर बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज, अध्यक्ष अशोक सिंह, बिहार कुश्ती पद्धति प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अरुण पहलवान, पप्पू शेख, बिहार अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, चौसा रोगी कल्याण समिति सदस्य चंदा चौरसिया, बक्सर कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष मुस्तफा जी, एडवोकेट वासिम जी, रितेश चंद्रवंशी जी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने अविनाश पहलवान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अविनाश पहलवान की यह सफलता न केवल युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।

