घायलों को पहले चौसा CHC, फिर सदर अस्पताल किया गया रेफर
चौसा-बक्सर मुख्य सड़क पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महादेवा घाट के पास तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे एक टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में टेम्पो पर सवार एक महिला सहित कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को इलाज के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौसा निवासी संजय चौधरी अपनी मां जिरिया देवी और पवन चौधरी के साथ टेम्पो से सब्जी मंडी जा रहे थे। रास्ते में सलीम राइन, हलीम राइन और बुटु चौधरी भी टेम्पो पर सवार हो गए। जैसे ही वाहन महादेवा घाट पार कर भैया-बहन नारा के समीप पहुंचा, सामने से आ रहे डंपर से उसकी टक्कर हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
बताया जा रहा है कि अचानक मौसम खराब होने और घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


