डीएम साहिला का कड़क एक्शन मोड, सुस्त अफसरों पर गिरी गाज

समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की सुस्ती पर भड़कीं जिलाधिकारी, कई विभागों को फटकार, जवाब-तलब


जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में तकनीकी विभाग, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप एवं प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी का रुख बेहद सख़्त नजर आया। योजनाओं में हो रही देरी और विभागीय शिथिलता पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बाबा ब्रह्ममेश्वर नाथ मंदिर पथ के चौड़ीकरण कार्य को लेकर जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को शीघ्र कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले विद्युत खंभों को अविलंब उचित स्थान पर अधिष्ठापित कराने हेतु विद्युत प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को कड़ा निर्देश दिया गया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

धनसोई बाईपास पथ के भू-अर्जन से संबंधित कार्यों में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त करते हुए डीएम ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया कि संबंधित कार्रवाई यथाशीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट समर्पित करें। वहीं इंजीनियरिंग कॉलेज महदह के पहुँच पथ के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए इसे अविलंब पूर्ण करने का आदेश दिया गया।

बैठक के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग डुमरांव के कार्यपालक अभियंता द्वारा पूर्ण प्रगति प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ्स उपलब्ध नहीं कराए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। पूर्व में स्मारित किए जाने के बावजूद प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने और कार्यों में शिथिलता बरतने को गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने संबंधित अभियंता से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में अत्यधिक विद्युत बिल प्राप्त होने से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि विशेष कैंप लगाकर ऐसे मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में नीचे लटके हुए सर्विस विद्युत तारों को भूमिगत करने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने का आदेश भी दिया गया।

बैठक में NHAI के किसी भी प्रतिनिधि के उपस्थित नहीं रहने को गंभीर प्रशासनिक उदासीनता मानते हुए कार्यपालक अभियंता NHAI से कारण पृच्छा किया गया। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में अपेक्षित उपलब्धि नहीं रहने पर जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि प्रयोजन हेतु विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर कैंप लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

आरओबी बक्सर-वरुणा रेलवे फ्लाईओवर को हर हाल में 15 मार्च तक पूर्ण करने तथा निर्माणाधीन गहमर-चौसा फ्लाईओवर के किनारे वाले मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में मिट्टी गिराने का निर्देश पुल निर्माण निगम को दिया गया, जिससे आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

भभुअर तालाब के जीर्णोद्धार कार्य को मार्च माह तक पूर्ण करने का सख़्त निर्देश लघु सिंचाई प्रमंडल बक्सर को दिया गया। वहीं केशोपुर बहुग्रामीय जलापूर्ति योजना के तहत प्रत्येक 10 दिन में सभी वार्डों में आपूर्ति किए जा रहे पानी के सैंपल की जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का आदेश लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को दिया गया।

इसके अतिरिक्त बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल अंतर्गत कोइलवर तटबंध पर बन रही सड़क से प्रभावित रैयतधारियों को चिन्हित कर उन्हें उचित मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने हेतु जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने