रेडियंट पब्लिक स्कूल में पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष संवेदनशीलता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर न केवल शहीदों को नमन किया, बल्कि देश की सुरक्षा और एकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद जवानों की याद में एक मिनट के मौन से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने चित्रकला, कविता लेखन और स्लोगन के माध्यम से अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयप्रकाश सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमारे सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमें अपनी एकता और देशभक्ति को हमेशा मजबूत बनाए रखना चाहिए।"
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में कक्षा नवम के विद्यार्थियों द्वारा एक प्रभावशाली एकांकी का मंचन किया गया, जिसमें पुलवामा हमले की विभीषिका को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया। इस नाटक में सुप्रिया, अदिति, शिवानी, अक्षर, रिया, दिव्या, परी, मुस्कान, आकाश, सागर, विष्णु देव गुप्ता, शुभम, दिव्यांशु, हिमांशु, अनीश, रोशन, विशाल, अमन, मयंक, आलोक, आशीष, शिवम, प्रियांशु और प्रिंस सहित कई विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विद्यालय के इस आयोजन ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया। हर आंख में देशभक्ति की चमक और हर दिल में शहीदों के प्रति सम्मान का जज्बा साफ झलक रहा था। इस कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को प्रबल किया, बल्कि उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया।


