राष्ट्रीय मंच पर बक्सर का परचम: अंतरराज्यीय युवा विनिमय कार्यक्रम में चयनित हुए सुन्दरम कुमार, हैदराबाद में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व

 देशभर के चयनित युवाओं के साथ साझा करेंगे बक्सर का अनुभव

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित माई भारत / मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय युवा विनिमय कार्यक्रम में बक्सर जिले के तेज तर्रार युवा सुन्दरम कुमार का चयन जिले के लिए गौरव का विषय बन गया है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 03 फरवरी 2026 से 07 फरवरी 2026 तक तेलंगाना राज्य के सहकारी प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई), राजेंद्र नगर, हैदराबाद में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सुन्दरम कुमार बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा, सामाजिक संरचना, विकास योजनाओं और नवाचारों से परिचित कराना है, ताकि एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को और अधिक मजबूती मिल सके।

सुन्दरम कुमार लंबे समय से माई भारत से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और बक्सर जिले में युवाओं को सामाजिक व राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवा सहभागिता, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान जागरूकता, राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुँचाने जैसे अनेक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से जिले में बड़ी संख्या में युवा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हुए हैं।

अंतरराज्यीय युवा विनिमय कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए शैक्षणिक सत्र, समूह चर्चा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षेत्रीय भ्रमण और अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त किया जाएगा।

अपने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुन्दरम कुमार ने कहा,

“यह अवसर मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और माई भारत का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। इस मंच के माध्यम से मैं बक्सर जिले और बिहार की संस्कृति, परंपराओं और युवाओं की सकारात्मक सोच को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास करूंगा।”

सुन्दरम कुमार के चयन से बक्सर जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों और माई भारत से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिलेभर से उन्हें लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं। यह उपलब्धि न केवल सुन्दरम कुमार की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि बक्सर जिले के युवाओं की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित करने वाली उपलब्धि भी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने